विकसित भारत 2047 के संकल्प से जुड़ेंगे प्रदेशवासी : मुख्यमंत्री।
देहरादून 11 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में प्रेस वार्ता में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान के जरिए सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार को बढ़ावा देते हुए नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभियान के तहत 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्यार्थी, युवा, महिलाएं, लाभार्थी, अभिभावक, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठन शामिल होंगे। ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी।
अभियान में स्वास्थ्य, स्वच्छता, वृक्षारोपण, पोषण और समाजोपयोगी गतिविधियों के साथ इनोवेशन चैलेंज भी आयोजित होगा। IIT, IIM और विशेषज्ञों को इसमें जोड़ा जाएगा। वहीं, जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविर भी लगाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सरकार की उपलब्धियां बताना नहीं, बल्कि हर नागरिक को विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है और इस संकल्प को जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, राम सिंह कैड़ा और महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी मौजूद रहे।
