देहरादून/कोटद्वार, 9 सितंबर 2026। कोटद्वार की जनता को आवागमन की सुविधा के लिए बड़ी राहत मिली है। गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड (जीएमओयू) की बस सेवा कोटद्वार से देहरादून तक संचालित किए जाने को शासन से स्वीकृति मिल गई है।
विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने यह मामला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा के समक्ष उठाते हुए जीएमओयू बसों का संचालन देहरादून तक करने का आग्रह किया था। उनके प्रयासों के बाद शासन ने बस सेवा के विस्तार को मंजूरी दी है।
निर्धारित समय-सारणी के अनुसार बस सुबह 7 बजे कोटद्वार से देहरादून और दोपहर 2 बजे देहरादून से कोटद्वार के लिए चलेगी।
इस सेवा से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों और देहरादून आने-जाने वाले आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी। ऋतु खण्डूड़ी भूषण ने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कोटद्वार की बेहतर परिवहन व्यवस्था और जनसुविधाओं से जुड़े विषयों को प्राथमिकता से शासन के समक्ष रखा जा रहा है।
