नई दिल्ली, 8 सितंबर 2026। उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने नई दिल्ली में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से शिष्टाचार भेंट कर महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
रेखा आर्या ने प्रदेश के आंगनवाड़ी केंद्रों को सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि उधम सिंह नगर और हरिद्वार में कुछ केंद्रों को सक्षम आंगनवाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने अन्य जिलों में पर्याप्त भवन एवं स्थान वाले केंद्रों को भी इस योजना में शामिल करने के लिए केंद्र से सहयोग मांगा। केंद्रीय मंत्री ने इस पर सकारात्मक रुख जताया।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के टेक होम राशन (THR) की प्राप्ति में आ रही दिक्कतों तथा 2026-27 में FRS के माध्यम से बच्चों की गणना में अपेक्षित प्रगति नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया। रेखा आर्या ने बताया कि गणना से छूटे करीब 60 प्रतिशत बच्चों के संबंध में आवश्यक समाधान की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आंगनवाड़ी व्यवस्था को मजबूत करने, बच्चों को बेहतर पोषण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
