रुद्रप्रयाग 7 सितंबर 2026। भाजपा अनुसूचित मोर्चा की ओर से सोमवार को कांग्रेस के कथित झूठे प्रचार के विरोध में रुद्रप्रयाग मुख्यालय में सामाजिक सौहार्द एवं समरसता संकल्प धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलबीर घुनियाल ने कांग्रेस पर अनुसूचित जाति समाज को भ्रमित और विभाजित करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण के नाम पर समाज में भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसकी भाजपा अनुसूचित मोर्चा कड़ी निंदा करता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अनुसूचित समाज के लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस के कथित झूठ का जवाब देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष हर्ष लाल ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा अनुसूचित समाज को भ्रमित करने का काम किया है, जबकि भाजपा सरकार समाज के लोगों को सम्मान और योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कोरोना काल से जरूरतमंद परिवारों को निःशुल्क राशन उपलब्ध करा रही है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, अगस्त्यमुनि ब्लॉक प्रमुख भुवनेश्वरी देवी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष गोपेश्वर पुष्पा पासवान समेत भाजपा और अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
