देहरादून, 7 सितंबर। कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित अपमान, महिला अपराध, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, किसानों के उत्पीड़न और जमीनों की कथित अनैतिक नीलामी के मुद्दे पर सोमवार को देहरादून में मुख्यमंत्री आवास घेराव किया। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की मौजूदगी में आयोजित प्रदर्शन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, करन माहरा, हरक सिंह रावत, काजी निजामुद्दीन समेत पार्टी के विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और पदाधिकारी प्रदर्शन में शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर, तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया।
इस दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे देश के वरिष्ठ दलित नेता और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। उनका अपमान लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों का अपमान है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते महिला अपराधों पर सरकार को घेरते हुए प्रभावी कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाते हुए सभी भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाने और मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की। किसानों के मुद्दे और जमीनों की कथित अनैतिक नीलामी को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा गया।
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि इन मुद्दों पर सरकार ने जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की तो प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा। पार्टी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस युवाओं, महिलाओं, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाती रहेगी।
कई लोगों ने ली कांग्रेस की सदस्यता
कार्यक्रम के दौरान पूर्व मेयर रुड़की यशपाल राणा, पूर्व प्रमुख एवं 2002 के विधानसभा प्रत्याशी भुवनेश खर्कवाल, मनोज सैनी, रविंद्र आनंद, रामकुमार वालिया और अधिवक्ता सचिन कुमार ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
