देहरादून, 1 सितंबर 2026। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में केन्द्रपोषित राष्ट्रीय कृषि विकास योजना और कृषि उन्नति योजना की समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई। उत्तराखंड की ओर से कृषि मंत्री गणेश जोशी ने प्रदेश के लिए विभिन्न योजनाओं में बजट जारी करने का अनुरोध किया।
केंद्रीय मंत्री ने उत्तराखंड को कृषि उन्नति योजना के तहत 40 करोड़ और राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत 65.70 करोड़ रुपये की दूसरी किश्त मंजूर करने की जानकारी दी। इस तरह प्रदेश को कुल 106.67 करोड़ रुपये की दूसरी किश्त मिलेगी।
इसके अलावा जैविक कृषि के लिए 7 करोड़ रुपये मंजूर करने और फार्म फेंसिंग के लिए राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत अलग से बजट स्वीकृत करने का आश्वासन भी दिया गया। मंत्री गणेश जोशी ने इसके लिए केंद्रीय कृषि मंत्री का आभार जताया।
