मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस, स्टेडियम सहित विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं
विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही राज्य सरकार : मुख्यमंत्री
खटीमा, 1 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा में नवनिर्मित नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में पौधरोपण किया और निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री ने खटीमा क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें नगर वन ऑक्सीजन पार्क का विस्तारीकरण, वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय को पार्क परिसर में स्थानांतरित करना, स्टेडियम और क्रियाशाला का निर्माण, सर्किट हाउस की स्थापना तथा वेंडिंग जोन विकसित करना शामिल है।







मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश जाने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यहां सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने पार्क के विस्तारीकरण और आवश्यक संसाधनों के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क से क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण मिलेगा। उन्होंने पार्क में महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक शौचालय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के स्थायी अवसरों को बढ़ावा दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
