देहरादून 25 अगस्त 2026। संस्कृत शिक्षा सचिव, उत्तराखंड शासन दीपक कुमार ने संस्कृत सप्ताह के शुभारंभ से पूर्व राज्यपाल से भेंट की। इस दौरान सचिव ने पिछले कुछ सप्ताहों में इंडोनेशिया, नेपाल एवं थाईलैंड के राजदूतों के साथ हुई भेंट के संबंध में राज्यपाल को जानकारी दी। साथ ही पुणे एवं मुंबई के प्रतिष्ठित संस्कृत संस्थानों एवं विश्वविद्यालयों के भ्रमण के संबंध में भी अवगत कराया।
राज्यपाल ने सचिव द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए संस्कृत विश्वविद्यालय को इन भ्रमणों एवं विभिन्न देशों के राजदूतों के साथ हुई बैठकों के आधार पर अग्रेतर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उत्तराखंड संस्कृत शिक्षा विभाग द्वारा उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम्, संस्कृत विश्वविद्यालय एवं निदेशालय के माध्यम से विश्व संस्कृत दिवस के अवसर पर 25 अगस्त से 31 अगस्त तक संस्कृत सप्ताह मनाया जा रहा है। यह आयोजन रक्षाबंधन से तीन दिन पूर्व शुरू होकर रक्षाबंधन के तीन दिन बाद तक चलेगा।
इस वर्ष उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् द्वारा संस्कृत मास का भी आयोजन किया जा रहा है। संस्कृत मास श्रावण पूर्णिमा (रक्षाबंधन) से भाद्रपद पूर्णिमा, 26 सितंबर तक मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार एवं संस्कृत के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
