देहरादून, 24 अगस्त 2026। हल्द्वानी में 8 अगस्त को कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद हुए कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि यदि किसी व्यक्ति की जाति के आधार पर सार्वजनिक स्थल को ‘अशुद्ध’ बताकर उसका शुद्धिकरण किया गया है, तो यह संविधान, सामाजिक न्याय और समानता की भावना के विरुद्ध गंभीर मामला है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मामले की जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है।
कांग्रेस ने राज्यपाल से प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान कर भारतीय न्याय संहिता एवं अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कार्रवाई करने तथा भविष्य में जातिगत भेदभाव और सामाजिक वैमनस्य फैलाने वाले ऐसे कृत्यों पर रोक लगाने की मांग की।
प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां छुआछूत तथा जातिगत भेदभाव जैसी मानसिकता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। कांग्रेस संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
ज्ञापन देने वालों में चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, नवप्रभात, विधायक मदन बिष्ट, विधायक विक्रम सिंह नेगी, पूर्व विधायक मनोज रावत, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल, पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, पूर्व प्रदेश महामंत्री आरेंद्र शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना और लालचंद शर्मा समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
