देहरादून 23 अगस्त 2026। जीएमएस रोड स्थित चौधरी फार्म हाउस में भाजपा नेता जोगिंदर पुंडीर की ओर से रक्षाबंधन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं ने प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी कार्यक्रम में पहुंचकर महिलाओं से राखी बंधवाई और सभी को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के विश्वास को आधार बनाकर उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना समेत कई महिला केंद्रित योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए सरकार आगे भी नई योजनाओं को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और सरकार उन्हें आर्थिक, सामाजिक एवं रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं, भाजपा नेता जोगिंदर पुंडीर ने रक्षाबंधन को भाई-बहन के पवित्र और अटूट रिश्ते का प्रतीक बताया। उन्होंने सभी महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से अपनी संस्कृति, बोली-भाषा और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया जाता है।
पुंडीर ने समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पहुंचने और महिलाओं को आशीर्वाद देने के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि समाज में सभी लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में परिवार के सदस्य की तरह साथ खड़े हों और प्रदेश की समृद्ध संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने में योगदान दें।





