मुख्यमंत्री ने ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग की बैठक में दिए निर्देश
देहरादून 21 अगस्त 2027। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में ग्राम्य विकास एवं पलायन निवारण आयोग की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन की स्थिति, रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने, स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई।
बैठक में आयोग की ओर से विभिन्न जिलों में आयोजित प्रवासी पंचायतों, पलायन निवारण एवं स्वरोजगार जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। आयोग के सदस्यों ने पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए सुझाव भी दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। सभी विभाग अपनी योजनाओं के माध्यम से समन्वित रूप से कार्य करते हुए अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आजीविका से जुड़ी योजनाओं की जानकारी गांव स्तर तक सरल तरीके से पहुंचाई जाए। योजनाओं का लाभ लेने के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों और बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रक्रियाओं को सरल बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक ज्ञान और कौशल को रोजगार से जोड़ने तथा स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, ब्रांडिंग और बाजार पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रिवर्स पलायन के लिए गांवों में बेहतर आजीविका और सुविधाएं विकसित करने के साथ सभी विभागों को आपसी समन्वय से परिणामोन्मुखी कार्य करना होगा।
