चंपावत 20 अगस्त 2026। जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प के तहत सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यूनिट शुरू होने से आपातकालीन स्थिति में मरीजों को आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर समय से उपलब्ध हो सकेंगे। चंपावत में पहली बार यह सुविधा शुरू हुई है। इससे पहले कुमाऊं के जिला चिकित्सालयों में यह सुविधा रुद्रपुर और पिथौरागढ़ में उपलब्ध थी।
उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से पार्किंग, डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत में 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, 66 करोड़ रुपये से अधिक का सिटी ड्रेनेज सिस्टम और 240 करोड़ रुपये से अधिक की पेयजल योजनाओं पर काम हो रहा है। साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी परियोजनाएं भी जिले के विकास को नई दिशा देंगी।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट से गंभीर मरीजों को स्थानीय स्तर पर समय पर उपचार मिल सकेगा और दूसरे जिलों के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
