हल्द्वानी (चोरगलिया), 16 अगस्त 2026 ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज जनपद नैनीताल के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी एवं विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया।
भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। छोटी-छोटी समस्याओं के लिए किसी भी व्यक्ति को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 993 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।
उल्लेखनीय है कि मानसून सीजन में शेर नाला उफान पर आने के कारण क्षेत्रीय लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। आवागमन बाधित होने से लोगों को लंबी दूरी तय कर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ता था। नवनिर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु के लोकार्पण से क्षेत्रीय जनता के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रीय लोगों ने पुल के निर्माण एवं लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक लालकुआं डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।





