देहरादून 2 अगस्त 2026। जिला पंचायत देहरादून में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की ओर से शेरे गढ़वाल कप्तान राम प्रसाद नौटियाल की 121वीं जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद किया।
समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री तीर्थ सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कप्तान राम प्रसाद नौटियाल के राष्ट्रनिर्माण में योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व दायित्वधारी कर्नल सी.एम. नौटियाल ने की। इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भुवनेश विद्यार्थी से जुड़े संस्मरण साझा किए तथा स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों का सम्मान भी किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों, विशेष रूप से नंद किशोर नौटियाल, के प्रति सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया गया।


