गदरपुर, 31 जुलाई 2026 ।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गदरपुर बस स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में ₹2,830.07 लाख लागत की आठ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित गदरपुर बस स्टेशन का भी लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने ₹694.06 लाख की तीन पूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण तथा ₹2,136.01 लाख की पांच नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें विकासखंड कार्यालय भवन, सामुदायिक भवन, गदरपुर बस स्टेशन तथा विभिन्न क्षेत्रों में सड़क एवं इंटरलॉकिंग टाइल निर्माण कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से गदरपुर और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि गुलरभोज को भविष्य में प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकास भी, विरासत भी’ के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल आधारभूत ढांचे का निर्माण नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन को अधिक सुरक्षित, समृद्ध और सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार शिलान्यास के साथ-साथ समयबद्ध तरीके से परियोजनाओं का लोकार्पण भी सुनिश्चित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गदरपुर क्षेत्र में शिक्षा, पेयजल, बाढ़ सुरक्षा, ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण से जुड़े अनेक कार्य किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आश्रम पद्धति कन्या विद्यालय के उच्चीकरण को स्वीकृति मिल चुकी है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को पूरी तरह पारदर्शी बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य केवल मतदाता सूची का शुद्धिकरण है। साथ ही राज्य सरकार द्वारा धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जैसे जनहित के निर्णयों का भी उल्लेख किया।
कार्यक्रम को प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक अरविंद पांडे एवं शिव अरोरा ने भी संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने चीनी मिल कर्मियों के सातवें वेतनमान के समाधान, गुलरभोज में जिप्सी परमिट व्यवस्था तथा गदरपुर महाविद्यालय में भविष्य में पीजी पाठ्यक्रम शुरू करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ रुद्रपुर रिंग रोड का निरीक्षण भी किया।



