देहरादून, 28 जुलाई 2026। अतिवृष्टि के चलते मसूरी विधानसभा क्षेत्र के कंडोली चिड़ोवाली, आर्य नगर नई बस्ती, केनाल रोड समेत विभिन्न प्रभावित क्षेत्रों का मंगलवार को कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के साथ स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।





कंडोली चिड़ोवाली क्षेत्र में बरसाती नदी के कारण पुश्ते में हो रहे कटान पर मंत्री ने अधिकारियों को सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने तथा पुश्ते को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आर्य नगर नई बस्ती में क्षतिग्रस्त आंतरिक मार्गों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में रह रहे लोगों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने, नियमित निगरानी बनाए रखने तथा सभी संबंधित विभागों को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा।
कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान सुरेंद्र राणा, योगेश घाघट तथा जिला प्रशासन के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
