संस्कृत शिक्षा विभाग, उत्तराखंड शासन के सचिव श्री दीपक कुमार ने डेक्कन कॉलेज पोस्ट ग्रेजुएट एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (Deccan College PGRI – Deemed to be University), पुणे का दौरा किया।
दौरे के दौरान उन्होंने संस्कृत एवं लेक्सिकोग्राफी विभाग का भ्रमण किया तथा विभाग के प्राध्यापकों के साथ संस्कृत एनसाइक्लोपीडिक डिक्शनरी परियोजना की प्रकृति एवं उपयोगिता सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

डॉ. भाव शर्मा ने संस्कृत एनसाइक्लोपीडिक डिक्शनरी तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। इस परियोजना में वेदों से लेकर 18वीं शताब्दी तक के लगभग 1,500 महत्वपूर्ण संस्कृत ग्रंथों को शामिल किया गया है। अब तक इस शब्दकोश के 35 खंड प्रकाशित हो चुके हैं तथा अगले तीन खंड शीघ्र प्रकाशित होने वाले हैं।
विभाग में संस्कृत एवं लेक्सिकोग्राफी विषय में एम.ए. के साथ-साथ पीएच.डी. कार्यक्रम भी संचालित किए जाते हैं। लगभग डेढ़ लाख संस्कृत शब्दों एवं उनके अंग्रेज़ी अर्थों से युक्त यह शब्दकोश शोधार्थियों के साथ-साथ संस्कृत के विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं विद्वानों के लिए अत्यंत उपयोगी है। इसका लाभ उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, संस्कृत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के अलावा अन्य स्कूलों और डिग्री कॉलेजों के उन शिक्षक-छात्रों को भी मिलेगा, जहाँ संस्कृत एक विषय के रूप में पढ़ाई जाती है।
इस शब्दकोश की विशेषता यह है कि यह केवल शब्दों के अर्थ ही नहीं बताता, बल्कि प्रत्येक शब्द के मूल स्रोत और संबंधित ग्रंथ का संदर्भ भी उपलब्ध कराता है।
इस अवसर पर डेक्कन कॉलेज के कुलपति प्रो. प्रसाद जोशी, डॉ. शिल्पा सुमंत, डॉ. भाव शर्मा, डॉ. बंसी लहले सहित संस्कृत विभाग के अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
