देहरादून 24 जुलाई 2026। बीरोंखाल जिला निर्माण एवं जन विकास समिति के तत्वावधान में एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी से भेंट कर बीरोंखाल क्षेत्र के समग्र विकास तथा लंबे समय से लंबित जनहित के मुद्दों के संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में श्री मोहन सिंह कंडारी, श्री भूपेंद्र सिंह रावत, डॉ. सुनीता बौड़ाई, श्री सतीश बौड़ाई, श्री भानु प्रसाद सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि बीरोंखाल क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य लंबे समय से लंबित हैं, जिन पर शीघ्र कार्रवाई किया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से निम्न मांगें रखी गईं—
- राजकीय महाविद्यालय बेदीखाल में विद्यार्थियों के हित को ध्यान में रखते हुए भौतिक विज्ञान एवं गणित विषयों के प्राध्यापकों के पदों का सृजन एवं शीघ्र नियुक्ति की जाए, ताकि विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सके।
- स्यूंसी तहसील भवन का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर उसे समयबद्ध रूप से पूर्ण कराया जाए, जिससे स्थानीय नागरिकों को राजस्व एवं प्रशासनिक सेवाएँ सुगमता से प्राप्त हो सकें।
- क्षेत्र में प्रस्तावित झील निर्माण परियोजना के कार्य में तेजी लाई जाए, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिले, स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ें तथा क्षेत्र का आर्थिक विकास हो।
- बीरोंखाल क्षेत्र की वर्षों से लंबित संपर्क एवं ग्रामीण सड़कों का शीघ्र निर्माण एवं सुधारीकरण कराया जाए, ताकि दूरस्थ गांवों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सके और विकास कार्यों को गति प्राप्त हो।
- सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हो सकें।
- बीरोंखाल को पृथक जनपद घोषित किए जाने की लंबे समय से चली आ रही जनभावना के अनुरूप शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश देने का आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री जी ने बीरोंखाल जिला निर्माण की मांग पर भी सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों के संतुलित एवं समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा जनहित से जुड़े मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर निर्णय लिए जाएंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री जी का समय देने एवं क्षेत्र की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाने के लिए आभार व्यक्त किया तथा विश्वास व्यक्त किया कि सरकार इन महत्वपूर्ण मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर बीरोंखाल क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेगी। साथ ही मुख्यमंत्री जी से मुलाकात करवाने के लिए डॉ. सुनीता बौड़ाई जी का विशेष आभार व्यक्त किया।
