नई दिल्ली 19 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर उत्तराखंड की ऊर्जा जरूरतों, जल विद्युत, पम्प्ड स्टोरेज, बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) और पिटकुल की एडीबी सहायतित पारेषण परियोजना पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने एल-नीनो, कम वर्षा और चारधाम व कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए जुलाई 2026 की शेष अवधि के लिए 150 मेगावाट और अगस्त के लिए 200 मेगावाट अतिरिक्त बिजली केंद्रीय पूल से उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। उन्होंने जल विद्युत परियोजनाओं के लिए विशेष वित्तीय सहायता तथा लगभग 10 गीगावाट पम्प्ड स्टोरेज क्षमता के विकास हेतु 7,800 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता/वीजीएफ देने का भी आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने BESS की स्वीकृत क्षमता 500 मेगावाट आवर से बढ़ाकर 665 मेगावाट आवर करने और इसके लिए भी वीजीएफ उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
बैठक में 3,638.26 करोड़ रुपये की पिटकुल एडीबी सहायतित पारेषण परियोजना पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने परियोजना के लिए मूल 80:20 एडीबी ऋण एवं राज्यांश की वित्तीय व्यवस्था को यथावत रखने का अनुरोध किया।
केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा रखे गए सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
