गोपेश्वर 15 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गोपेश्वर में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में अभियान के प्रथम चरण में 6 लाख से अधिक लोगों ने भागीदारी की और 60 हजार से अधिक समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। चमोली में अब तक 13 जनकल्याण शिविरों के माध्यम से 2,500 से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ मिला तथा 752 शिकायतों में से 683 का निस्तारण किया गया।







मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 3.75 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते हुए हैं, जिनमें एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश पर काम शुरू हो चुका है। पारदर्शिता के आधार पर 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि चमोली में 155 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, बदरीनाथ मास्टर प्लान और हेली एम्बुलेंस सेवा से क्षेत्र को लाभ मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चमोली में 42 हजार से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं, जिनमें 25 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। किसान सम्मान निधि के तहत 48 हजार से अधिक किसानों को 196 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है तथा जिले में 872 नए होमस्टे स्थापित किए गए हैं।
बद्रीनाथ मंदिर चोरी प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है। दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
