रानीखेत 23 दिसंबर 2025। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद अल्मोड़ा के दो दिवसीय दौरे के दौरान मंगलवार प्रातः पर्यटन नगरी रानीखेत में प्रातःकालीन भ्रमण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय ग्रामीणों, नागरिकों एवं मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों से सहज एवं आत्मीय संवाद स्थापित किया।
















मुख्यमंत्री ने चाय पर चर्चा के दौरान ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान को लेकर आमजन से प्रत्यक्ष फीडबैक लिया। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इससे जनसमस्याओं के त्वरित समाधान में मदद मिल रही है तथा सरकार सीधे जनता तक पहुँच रही है। लोगों ने सरकार के प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य शासन और जनता के बीच संवाद, विश्वास और सहभागिता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करने के लिए प्रतिबद्ध है।प्रातःकालीन भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली से आए पर्यटकों से भी भेंट कर उनकी शीतकालीन यात्रा एवं रानीखेत भ्रमण अनुभवों की जानकारी ली। पर्यटकों ने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण एवं व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटकों का सकारात्मक फीडबैक प्रदेश के पर्यटन विकास को और सुदृढ़ करने की दिशा में प्रेरणादायी है।
