Screenshot
उत्तराखण्ड क्रान्ति दल ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों को तेज करते हुए रविवार को देहरादून के बालावाला में नए कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर “UKD Vision 2027” जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुरेन्द्र कुकरेती ने कहा कि उत्तराखण्ड क्रान्ति दल ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी करीब डेढ़ वर्ष पहले ही शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्यभर में लगातार जनसंवाद कर रही है और जनता के मुद्दों को लेकर उनके बीच पहुंच रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में UKD के प्रति लोगों का समर्थन बढ़ रहा है और बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं।
कार्यक्रम के आयोजक संजय चौधरी ने बताया कि “Vision 2027” अभियान के तहत डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों से जनसंवाद की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता की समस्याओं को समझकर उन्हें अपने विजन से जोड़ने का प्रयास करेगी, ताकि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प प्रस्तुत किया जा सके।
