देहरादून 8 जून 2026। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के नव नियुक्त उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल रघुवीर सिंह भण्डारी (सेवानिवृत्त) ने सोमवार को कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने उनका स्वागत किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद भण्डारी ने कहा कि उत्तराखण्ड आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। उनकी प्राथमिकता पूर्व सैनिकों, अर्द्धसैनिक बलों के सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं जवानों को आपदा प्रबंधन तंत्र से जोड़कर राज्य की आपदा तैयारियों और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करना होगी। उन्होंने युवाओं, स्वयंसेवी संगठनों और पूर्व सैनिकों के सहयोग से प्रशिक्षित स्वयंसेवकों का सशक्त नेटवर्क विकसित करने पर भी जोर दिया।
सचिव विनोद कुमार सुमन ने विश्वास जताया कि भण्डारी के सैन्य एवं प्रशासनिक अनुभव का लाभ राज्य की आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि लेफ्टिनेंट कर्नल भण्डारी ने भारतीय सेना में लगभग 38 वर्षों तक सेवा दी है तथा ऑपरेशन पवन, मेघदूत और विजय में सक्रिय भूमिका निभाई है। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे पूर्व सैनिकों के संगठनात्मक सशक्तिकरण और कल्याण के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं।
