देहरादून 4 जून 2026 । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईआरडीटी सभागार, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक जागरूकता एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मई 2026 की पेंशन राशि वन क्लिक के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में हस्तांतरित की। इस दौरान 9.74 लाख से अधिक लाभार्थियों को कुल 176.59 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की गई। उन्होंने नशा मुक्ति अभियान एवं वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और देखभाल की शपथ भी दिलाई।







मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक न्याय एवं जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और सभी पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव एवं बाधा के पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं, दिव्यांगजनों, युवाओं और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बुनियादी ढांचे, पर्यटन, निवेश, रोजगार और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में राज्य की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और रोजगार के अवसरों में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। साथ ही पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और अतिक्रमण हटाने जैसे कदमों का भी उल्लेख किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, भरत चौधरी, विधायक सविता कपूर सहित विभिन्न आयोगों, परिषदों एवं समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
