देहरादून 2 जून 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शिष्टाचार भेंट की।
भेंट के दौरान दोनों नेताओं के मध्य विभिन्न समसामयिक विषयों, सुशासन, जनकल्याण तथा राज्यों के समग्र विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। इस अवसर पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को और अधिक सशक्त बनाने, जनप्रतिनिधियों की भूमिका को प्रभावी बनाने तथा नागरिकों की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने संबंधी विषयों पर भी चर्चा की गई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड में संचालित विकास परियोजनाओं, निवेश संवर्धन, पर्यटन विकास, चारधाम यात्रा प्रबंधन तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि राज्यों के मध्य अनुभवों, नवाचारों एवं श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान सुशासन को मजबूत करने तथा विकास को नई गति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने उत्तराखण्ड सरकार द्वारा विकास, सुशासन एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने दोनों राज्यों के मध्य आपसी सहयोग, संवाद एवं समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर बल देते हुए कहा कि ऐसे प्रयास राज्यों के समग्र विकास तथा जनहित के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
