चमोली 2 जून 2026। चमोली की सीमांत नीति घाटी में 31 मई से 2 जून तक आयोजित “नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन 2026” का सफल आयोजन उत्तराखंड के साहसिक पर्यटन क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन, स्थानीय सहभागिता और नागरिक-सैन्य समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
उत्तराखंड पर्यटन विभाग और भारतीय सेना के संयुक्त सहयोग से आयोजित प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभागियों ने 75 किमी अल्ट्रा रन, 42 किमी मैराथन, 21 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी, 5 किमी रन तथा एमटीबी चैलेंज में हिस्सा लिया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और ऊंचाई के बावजूद प्रतिभागियों ने साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिचय दिया।
आयोजन की सफलता में भारतीय सेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, भोजन, आवास, संचार और आपातकालीन सेवाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई। स्थानीय होमस्टे, दुकानदारों, परिवहन और गाइड सेवाओं को भी इसका प्रत्यक्ष लाभ मिला।
यह आयोजन “वाइब्रेंट बॉर्डर विलेज” पहल को मजबूती देने के साथ-साथ नीति घाटी को राष्ट्रीय स्तर पर एडवेंचर टूरिज्म के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करने में सफल रहा। भविष्य में इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर तक विस्तारित किए जाने की भी संभावनाएं हैं।
