खटीमा 25 मई 2026। खटीमा में आयोजित “जन-जन की सरकार, मुख्यमंत्री संवाद कार्यक्रम” में पुष्कर सिंह धामी ने पंचायत एवं निकाय जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के विकास से ही राज्य और देश मजबूत बनेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास, स्वरोजगार और महिला सशक्तिकरण के लिए चल रही योजनाओं का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार “हाउस ऑफ हिमालयाज”, स्टेट मिलेट मिशन, होमस्टे, नई पर्यटन नीति और स्वरोजगार योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की 2.65 लाख से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं।
उन्होंने खटीमा और ऊधम सिंह नगर में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल सुविधाओं के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र में आधुनिक बस स्टैंड, केंद्रीय विद्यालय, आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 बेड अस्पताल और खेल स्टेडियम बनाए गए हैं। साथ ही पंतनगर एयरपोर्ट, एम्स सैटेलाइट सेंटर, इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी और विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं पर कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री ने राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता (UCC), अवैध अतिक्रमण और धर्मांतरण के खिलाफ कार्रवाई का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी भाग लिया।
