लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज और गंगनहर पर पुल का होगा निर्माण, किसानों के गन्ना मूल्य में बढ़ोतरी पर जल्द निर्णय का भरोसा
हरिद्वार 25 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हरिद्वार जिले के मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के निर्माण और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल को दोबारा बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही विभिन्न गांवों में सड़क, नाला और तटबंध निर्माण से जुड़े कार्यों को भी स्वीकृति देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर परीक्षण कराने और गन्ना मूल्य में वृद्धि को लेकर जल्द निर्णय लेने का भरोसा दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है और समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने जिन विकास कार्यों की घोषणा की, उनमें लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज का नवनिर्माण, नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण, लिब्बरहेड़ी में गंगनहर पर पुल का निर्माण, मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाली सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण शामिल है। इसके अलावा टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध और ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण की भी घोषणा की गई।
किसानों के मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। गन्ना मूल्य में वृद्धि की मांग पर उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी गन्ना मूल्य बढ़ाया गया था और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा। ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग का परीक्षण कराने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलौर अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनतकश लोगों के लिए जाना जाता है। क्षेत्र के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। सरकार मंगलौर की विकास संभावनाओं को नए अवसरों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है। लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत क्षेत्र में एक हजार से अधिक लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालयों का निर्माण हुआ है। 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि लागत कम करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उत्तराखण्ड के किसानों को अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि दी जा चुकी है। किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके साथ ही नहरों से सिंचाई की सुविधा निःशुल्क की गई है और फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
सुशासन और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय बढ़ाना तथा मातृशक्ति को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
