गीत-संगीत के जरिए उत्तराखण्ड की विकास यात्रा और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की पहल।
देहरादून 25 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखण्ड की विकास यात्रा और प्रदेश की निरंतर प्रगति को समर्पित गीत ‘बेटा हिमालय का’ का विमोचन किया। टीम उत्तराधुन की ओर से तैयार किए गए इस गीत में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे विकास कार्यों, पर्यटन के विस्तार, महिला सशक्तीकरण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों तथा स्टार्टअप और नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को गीत-संगीत और आकर्षक दृश्यात्मक प्रस्तुति के माध्यम से दर्शाया गया है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गीत के निर्माण से जुड़े सभी कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि गीत-संगीत जनभावनाओं को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। इस तरह की रचनात्मक प्रस्तुतियां प्रदेश की विकास यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के साथ मातृशक्ति के सशक्तीकरण, युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करना भी सरकार की प्राथमिकता है।
‘संकल्प नए उत्तराखण्ड का’ थीम पर आधारित इस गीत में प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता के साथ विभिन्न क्षेत्रों में हो रही प्रगति और विकास की नई संभावनाओं को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया गया है।
