प्रकाश पर्व पर मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में टेका माथा, प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
देहरादून 24 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को रेसकोर्स स्थित गुरु गोविंद नगर में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की ओर से श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने संगत और प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख पंथ के संस्थापक और प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास के खिलाफ आवाज उठाते हुए मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं हमें ईश्वर के प्रति आस्था रखने, ईमानदारी से मेहनत करने और अपनी कमाई को जरूरतमंदों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं।
धामी ने कहा कि सिख परंपरा की ‘सरबत दा भला’ की भावना सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है। गुरु नानक देव जी ने संगत और लंगर की परंपरा के माध्यम से सामाजिक समानता और समरसता का संदेश दिया। लंगर में सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं, जो सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा से लेकर आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता तक सिख समाज का योगदान सराहनीय रहा है।
।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलने जैसे महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। देवभूमि उत्तराखंड का भी सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक और ऐतिहासिक जुड़ाव है। प्रदेश स्थित श्री हेमकुंड साहिब विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को केंद्र सरकार ने मंजूरी दी है। इससे श्रद्धालुओं, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों को यात्रा में सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने सभी से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने और सेवा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में साध संगत मौजूद रही।





