बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर और पुराने पुलों की मरम्मत व सुदृढ़ीकरण का मुद्दा उठाया।
लखनऊ 18 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के मध्य लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान और पूर्व में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में धामी ने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत के साथ ही झनकैया पुल और सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण का मुद्दा उठाया। उन्होंने इन कार्यों को जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया।
धामी ने कहा कि इन निर्माण कार्यों से स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, आवागमन और सिंचाई सुविधाओं में सुधार होगा। इसका सीधा लाभ स्थानीय लोगों और किसानों को मिलेगा। इसके लिए दोनों राज्यों के संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
बैठक में सिंचाई विभाग के अलावा अन्य विभागों से जुड़ी परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और लंबित मामलों के निस्तारण पर भी विचार-विमर्श हुआ। दोनों मुख्यमंत्रियों ने पूर्व में बनी सहमति के अनुरूप शेष प्रकरणों का समयबद्ध समाधान करने और लिए गए निर्णयों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया।
धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग और निरंतर संवाद के चलते परिसंपत्ति बंटवारे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हो चुका है। उन्होंने शेष मामलों का भी आपसी सहमति से जल्द निस्तारण होने का विश्वास जताया। साथ ही परिसंपत्ति संबंधी मामलों में सहयोग के लिए योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया।


