16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना का मिलेगा मौका, प्रदेश में 34,443 गणना ब्लॉक निर्धारित।
देहरादून 17 नवंबर 2026। उत्तराखण्ड में जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश में 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी। इससे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर तक नागरिकों को ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा मिलेगी। इसके तहत लोग आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
जनगणना निदेशालय की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में निदेशक इवा आशीष श्रीवास्तव और सचिव जनगणना दीपक कुमार ने बताया कि राज्य में जनसंख्या गणना के लिए कुल 34,443 गणना ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। इनके लिए 26,830 प्रगणक और 4,676 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। अब तक 29,515 प्रगणकों और 5,223 पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। प्रशिक्षण के लिए 23 मास्टर ट्रेनर और 570 फील्ड ट्रेनर लगाए गए हैं। अब तक 712 प्रशिक्षण बैच आयोजित किए जा चुके हैं।
जनगणना के दौरान प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के प्रत्येक सदस्य से संबंधित 40 बिंदुओं पर जानकारी जुटाएंगे। इसमें नाम, परिवार के मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म, जाति, मातृभाषा, शिक्षा, आर्थिक गतिविधियां, व्यवसाय, जन्म स्थान, पूर्व निवास और प्रवास के कारण जैसी जानकारियां शामिल हैं। इसके अलावा बैंक खातों की संख्या तथा मोबाइल नंबर, आधार, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट और ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता से संबंधित विवरण भी निर्धारित प्रावधानों के तहत लिया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि जनगणना के लिए 5 जनवरी 2027 की मध्यरात्रि को संदर्भ तिथि निर्धारित किया गया है। वहीं, 5 से 9 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर आयोजित होगा। नागरिकों की सहायता के लिए व्हाट्सऐप चैटबॉट नंबर 18001801855, 9456120332 और 9456551589 जारी किए गए हैं। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1855 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
प्रेस वार्ता में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत एकत्र किए जाने वाले सभी व्यक्तिगत आंकड़े पूरी तरह गोपनीय रखे जाएंगे। इनका इस्तेमाल केवल सांख्यिकीय और जनहित से जुड़े उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर आंकड़ों की सुरक्षा के लिए मजबूत एन्क्रिप्शन और बहुस्तरीय प्रमाणीकरण जैसी व्यवस्थाएं की गई हैं।
अधिकारियों ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और प्रगणकों के घर पहुंचने पर सही एवं पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े आगामी दशक की विकास योजनाओं, संसाधनों के वितरण और नीतिगत फैसलों का आधार बनेंगे। इसलिए इस राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
इस अवसर पर संयुक्त निदेशक एस.एस. नेगी, उप निदेशक प्रवीण कुमार, आर.के. बनवारी, सहायक निदेशक संजीव कुमार, वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी अंजू आजाद सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

