आज के दौर में जहां यह माना जाता है कि टेक दुनिया में सफलता के लिए बड़ी डिग्री और बड़े कॉलेज की जरूरत होती है, वहीं पश्चिम बंगाल के एक 21 साल के नौजवान ने इस सोच को एक झटके में गलत साबित कर दिया। इस युवा टेकी ने नवंबर महीने की कमाई सोशल मीडिया पर साझा की, जिसने हजारों लोगों को प्रेरित कर दिया। बिना IIT में पढ़ाई किए, बिना B.Tech की डिग्री के इस लड़के ने सिर्फ मेहनत, हुनर और लगातार सीखने की लगन के दम पर एक महीने में 1.5 लाख की कमाई कर दिखाया।
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो नौजवान ने 5 नवंबर से ट्विटर पर एक्टिव होना शुरू किया, और महीने भर में ही 1,500 फॉलोअर्स जुड़ गए। सिर्फ इतना ही नहीं, उसके GitHub पर भी 100 से ज्यादा फॉलोअर्स बढ़े। टेकी ने यह भी बताया कि वह एक UK स्थित एजेंसी से जुड़ा है, जहां करीब 10 प्रोजेक्ट्स पर बातचीत चल रही है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि इनमें से कोई भी अभी फाइनल नहीं हुआ है।
टेकी ने साझा किया कि वह एक दुबई के फाउंडर तक पहुंचा और एक फ्रीलांस प्रोजेक्ट पूरा कर पूरा पेमेंट भी प्राप्त किया। यह उसके करियर का अहम कदम माना जा रहा है। साथ ही उसने अपना खुद का AI आधारित टूल तैयार किया है, जिसका लॉन्च बहुत जल्द होने वाला है। टेकी ने लिखा, “AI सीखने को लेकर अब बेहद गंभीर हूं।”
एक यूजर ने लिखा, “तुम वाकई शानदार कर रहे हो। अगर फ्रीलांस प्रोजेक्ट हों तो मदद करना चाहूंगा, मुझे अनुभव चाहिए।” एक अन्य ने हैरानी जताते हुए पूछा, “भाई, यह सब कैसे कर लिया?” वहीं तीसरे ने कहा, “कमाल कर दिया भाई, जरा बताओ कि विदेशी एजेंसियों से कैसे जुड़ते हो?” एक चौथे यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, “तुम तो बहुत बड़ा कर रहे हो भाई, पर मुझे जलन हो रही है! मजाक कर रहा हूं, बधाई।”
