पिथौरागढ़ 14 नवंबर 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। साथ ही मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का प्रतीक है। यह मेला सदियों से दोनों देशों के लोगों को आपस में जोड़ने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी लोकसंस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम किया जा रहा है। इन योजनाओं से सीमांत क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नए सर्किट हाउस का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना और 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर पुल का निर्माण शामिल है।
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विधायक बिशन सिंह चुफाल, हरीश धामी, महापौर कल्पना देवलाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भारत-नेपाल के नागरिक मौजूद रहे।इसको
