देहरादून 13 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने देशभर से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य निधि हैं। उनके अनुभव, ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य से प्रदेश के विकास को नई गति मिल सकती है। उन्होंने प्रवासियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं और पैतृक गांवों से जुड़े रहने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर विकास में योगदान देने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए सरकार के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। प्रवासी शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन और उद्यमिता के क्षेत्र में अपने अनुभवों का लाभ प्रदेश को दे सकते हैं।
धामी ने कहा कि राज्य में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है, जबकि 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। वहीं, हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों की छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हुई है।
उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क मजबूत करने के साथ सौंग, जमरानी और लखवाड़ बांध जैसी परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और हेलीपोर्ट निर्माण से प्रदेश में पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी और डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने भी विचार रखे। विधायक विनोद चमोली ने प्रवासियों से अपने पैतृक गांवों में घर बनाने और गांवों से जुड़ाव बनाए रखने की अपील की। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य का ब्रांड एंबेसडर बताते हुए उनसे निवेश और विकास कार्यों में भागीदारी का आह्वान किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, प्रसार भारती अध्यक्ष प्रसून जोशी, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



