कांग्रेस पर पलटवार, बोले- भूमि बचाओ अभियान नहीं, अपनी डूबती राजनीतिक जमीन बचाने की कोशिश कर रही है कांग्रेस।
देहरादून, 4 नवंबर 2026। यूआईआईडीबी के माध्यम से सरकारी जमीनों को निजी हाथों में सौंपने के कांग्रेस के आरोपों पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने पलटवार किया है। उन्होंने आरोपों को भ्रामक और निराधार बताते हुए साफ किया कि निवेश के लिए दी जा रही जमीनों का मालिकाना हक पूरी तरह सरकार के पास रहेगा। निजी निवेशकों को केवल निर्धारित अवधि तक स्वीकृत परियोजनाओं के विकास और संचालन का अधिकार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह न तो जमीनों का निजीकरण है और न ही सरकारी संपत्तियों की बिक्री, बल्कि परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग कर निवेश और रोजगार के अवसर पैदा करने की नीति है।
सुबोध उनियाल ने कहा कि यूआईआईडीबी के माध्यम से होने वाली प्रक्रिया पूरी तरह निर्धारित शर्तों, निवेश प्रतिबद्धताओं और पर्यावरणीय मानकों के अधीन है। अनुबंध की अवधि पूरी होने के बाद परिसंपत्तियां दोबारा राज्य को हस्तांतरित होंगी। उन्होंने दावा किया कि इस पहल से आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र में 1,500 से 2,000 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना है। इससे 5,000 से अधिक प्रत्यक्ष और 10,000 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे, जबकि राज्य को 200 से 250 करोड़ रुपये तक अतिरिक्त राजस्व मिलने की उम्मीद है।
कांग्रेस के भूमि बचाओ-धामी हटाओ अभियान पर निशाना साधते हुए उनियाल ने कहा कि कांग्रेस सरकारी जमीनों की बिक्री का झूठा प्रचार कर जनता को गुमराह कर रही है। एचएमटी, आईडीपीएल, लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृहों और उद्यान विभाग के बगीचों को बेचने के आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। ये परिसंपत्तियां आज भी अपने मूल विभागों के पास सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि कई प्रस्तावित परियोजनाएं अभी मास्टर प्लानिंग और प्रारंभिक व्यवहार्यता के चरण में हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को निवेश और रोजगार की जरूरत है, लेकिन कांग्रेस हर विकास परियोजना को विवाद में बदलने की कोशिश कर रही है। बंद औद्योगिक इकाइयों, खाली परिसरों और अनुपयोगी जमीनों का इस्तेमाल कर स्थानीय युवाओं को रोजगार देना सरकार की प्राथमिकता है। निवेश से पर्यटन, होटल, टैक्सी, परिवहन, स्थानीय कारोबारियों और किसानों को भी लाभ मिलेगा। कांग्रेस की विरोध की राजनीति प्रदेश के युवाओं के भविष्य के रास्ते में बाधा बन रही है।
उनियाल ने कांग्रेस के भूमि संरक्षण अभियान पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस पार्टी के शासनकाल में नानीसार, धौलास भूमि विवाद, टाटा मोटर्स-सिडकुल आवंटन और एनएच-74 मुआवजा प्रकरण जैसे मामले सामने आए, उसे पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज राजनीतिक लाभ के लिए भूमि बचाओ अभियान चला रही है, जबकि उसका मकसद अपनी डूबती राजनीतिक जमीन बचाना है।
उन्होंने दावा किया कि धामी सरकार ने प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ सरकारी भूमि को अवैध कब्जों से मुक्त कराया है और डिजिटल भूमि रिकॉर्ड व व्यवस्थित भूमि प्रबंधन की दिशा में भी काम किया है। उनियाल ने कहा कि सरकार की नीति सरकारी जमीन बेचने की नहीं, बल्कि सरकारी स्वामित्व सुरक्षित रखते हुए उसका बेहतर इस्तेमाल कर आर्थिक समृद्धि और रोजगार पैदा करने की है। उन्होंने प्रदेश की जनता से कांग्रेस के भ्रामक प्रचार से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि उत्तराखंड को विरोध की राजनीति नहीं, बल्कि निवेश और अवसर पैदा करने वाली नीति की जरूरत है।
