देहरादून 2 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ का शुभारंभ और ‘विकसित उत्तराखंड विजन-2047’ का विमोचन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन दोनों पहलों से प्रदेश में सुशासन मजबूत होगा और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि परिवार पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के परिवारों का एकीकृत डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जाएगा। प्रत्येक परिवार को विशिष्ट देवभूमि परिवार आईडी मिलेगी, जिससे सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों की पहचान आसान होगी और नागरिकों को बार-बार दस्तावेज जमा करने तथा विभागों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विकसित उत्तराखंड विजन-2047 प्रदेश के समग्र विकास की दिशा तय करने वाली कार्ययोजना है। इसमें लगभग 440 संकेतकों के आधार पर विभिन्न क्षेत्रों के विकास लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। वर्ष 2047 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को लगभग 28 लाख करोड़ रुपये और प्रति व्यक्ति आय को 20 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
