युवा रोजगार लेने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें : मुख्यमंत्री
देहरादून 22 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को बिधौली, देहरादून स्थित यूपीईएस के 24वें दीक्षांत समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने छह विद्यार्थियों को सिल्वर प्लेट पुरस्कार से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह उनके जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। सफलता के लिए मेहनत, लगन और निरंतर सीखने की भावना जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की असली पहचान उसके व्यवहार, विनम्रता और संस्कारों से होती है। युवाओं को अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग समाज एवं देश की प्रगति में करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को साकार करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा साइंस, ग्रीन एनर्जी और डिजिटल तकनीक का है। राज्य सरकार शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। युवाओं में नवाचार और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने के लिए स्टार्टअप और इन्क्यूबेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। सरकार का लक्ष्य है कि युवा स्वरोजगार और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार देने वाले बनें।
4,795 विद्यार्थियों को मिल रही उपाधियां
यूपीईएस के 24वें दीक्षांत समारोह में कुल 4,795 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जा रही हैं। इनमें नियमित पाठ्यक्रमों के 3,806 और यूपीईएस ऑनलाइन के 989 विद्यार्थी शामिल हैं।
इस अवसर पर यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, यूपीईएस के अध्यक्ष डॉ. राम के. शर्मा, कुलपति डॉ. सुनील राय, प्रो-वाइस चांसलर मनीष मदान सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
