नवरात्रि के प्रथम दिन ध्वजारोहण कर नौ दिवसीय मेले का किया उद्घाटन
टिहरी में पर्यटन के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं के विकास पर जोर : मुख्यमंत्री
नरेंद्रनगर, 11 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को नरेंद्रनगर में 50वें सिद्धपीठ श्री कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले का ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने सांस्कृतिक झांकियों का अवलोकन किया, विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और मां कुंजापुरी की पूजा-अर्चना की।
मुख्यमंत्री ने मेले की स्वर्ण जयंती और शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं का प्रतीक है। ऐसे मेलों से नई पीढ़ी अपनी संस्कृति से जुड़ती है और स्थानीय व्यापार एवं पर्यटन को बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने कहा कि सरकार पलायन रोकने और युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ‘एक जनपद-दो उत्पाद’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, होमस्टे और पर्यटन संबंधी योजनाओं से स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार को बढ़ावा मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण के साथ समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई है और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं।
टिहरी के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि टिहरी झील के आसपास पर्यटन सुविधाओं, जलक्रीड़ा, साहसिक पर्यटन और होमस्टे को बढ़ावा दिया जा रहा है। नरेंद्रनगर में पॉलिटेक्निक के उच्चीकरण, केंद्रीय विद्यालय, विधि महाविद्यालय, गजा अस्पताल के उच्चीकरण और करीब 50 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना सहित विभिन्न विकास कार्यों पर भी जोर दिया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मेले की स्वर्ण जयंती की बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ खेल, पर्यटन और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करता है।
11 से 19 अक्टूबर तक चलने वाले इस राज्यस्तरीय मेले में खेलकूद, विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। पद्मश्री बसंती बिष्ट, नरेंद्र सिंह नेगी, मीना राणा, संगीता ढौंडियाल, किशन महिपाल और पांडवाज बैंड सहित कई कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। मेले का समापन प्रीतम भरतवाण के जागर गायन के साथ होगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।

