देहरादून 4 अक्टूबर 2026। नगर निगम देहरादून की ओर से वाणी विहार में स्वतंत्रता सेनानी एवं राष्ट्रीय धारा के प्रमुख कवि श्रीराम शर्मा ‘प्रेम’ के नाम पर पार्क का निर्माण किया गया है। इस पहल पर उनके पुत्र डॉ. अतुल शर्मा ने नगर निगम का आभार जताया है।
डॉ. अतुल शर्मा ने बताया कि उनके पिता श्रीराम शर्मा ‘प्रेम’ ने वर्ष 1942 के अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई और आंदोलन के दौरान जेल में यातनाएं सहीं। उन्होंने 26 जनवरी 1944 को सेंट्रल सेक्रेटेरिएट में तिरंगा फहराकर देशभक्ति और स्वतंत्रता के प्रति अपने संकल्प को प्रदर्शित किया था।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी श्रीराम शर्मा ‘प्रेम’ के नाम पर बनाया गया यह पार्क आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा और युवाओं को स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष एवं बलिदान की याद दिलाएगा। उन्होंने पार्क निर्माण के लिए नगर निगम देहरादून का आभार व्यक्त किया।
