अल्मोड़ा, 20 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत अल्मोड़ा जिले के 1,860 आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
रविवार को विकास भवन में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान पोषण आहार एवं टेक होम राशन वितरण, गोद भराई, जन्मोत्सव, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और बच्चों की वृद्धि की निगरानी के साथ मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय समुदाय की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को महज औपचारिक आयोजन न मानते हुए गंभीरता से तैयारियां पूरी की जाएं। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कार्यक्रम में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया जाएगा।
रेखा आर्या ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के कल्याण के लिए कई योजनाएं संचालित कर रही है। आंगनबाड़ी केंद्रों के उच्चीकरण के साथ बच्चों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर भी सरकार का जोर है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीतांबर प्रसाद समेत विभागीय अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
