देहरादून, 19 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ के तहत पांच राज्यों में आयोजित की जा रही ‘नमो क्रिकेट लीग–2026’ के उत्तराखंड संस्करण का शनिवार को देहरादून में शुभारंभ हुआ। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में लीग का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
लीग में पांच राज्यों से करीब 3,200 टीमें और 50 हजार खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रेरित करना है। आयोजन के दौरान ‘नशे को ना, क्रिकेट को हां’ का संदेश भी दिया गया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खेल और फिटनेस को जन आंदोलन का स्वरूप देकर युवाओं में नई ऊर्जा और खेल के प्रति उत्साह पैदा किया है। उन्होंने कहा कि नमो क्रिकेट लीग युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ ही उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा के मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी द्वारा शुरू की गई यह लीग युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को मजबूत करेगी। ‘नशे को ना, क्रिकेट को हां’ का संदेश युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मंत्री जोशी ने लीग में प्रतिभाग कर रहे सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि करीब 3,200 टीमों और 50 हजार खिलाड़ियों की सहभागिता इस आयोजन की व्यापकता और युवाओं के उत्साह को दर्शाती है। उन्होंने विश्वास जताया कि खेलों के माध्यम से स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त भारत के निर्माण में यह अभियान महत्वपूर्ण योगदान देगा।
