मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में 140 छात्र-छात्राओं से संवाद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 140 छात्र-छात्राओं से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने युवाओं के विचार, सुझाव और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर उनके विजन को जाना। उन्होंने कहा कि उपयोगी सुझावों को सरकार की योजनाओं और नीति-निर्धारण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।





मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राजकीय विद्यालयों में कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब उपलब्ध कराने के लिए उनके खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को आधुनिक तकनीक, एआई, रोबोटिक्स और मांग आधारित कौशल से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
अभियान में प्रदेश के 2 लाख 67 हजार 744 विद्यार्थियों ने निबंध, विचार और सुझाव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की सोच, नवाचार और ऊर्जा विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर उत्कृष्ट विचार देने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
