देहरादून 17 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिपुर कालसी पहुंचकर मां यमुना की प्रतिमा का अनावरण, हरिघाट का लोकार्पण और मां यमुना कृष्ण मंदिर का शिलान्यास किया। इस दौरान यमुना तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम और यमुना आरती का आयोजन हुआ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, साधु-संतों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित किए। इस दौरान 2100 दीपों से यमुना तट जगमगा उठा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कालसी की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में ये महत्वपूर्ण कदम हैं। सरकार जौनसार-बावर क्षेत्र के विकास पर लगातार काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि हनोल मास्टर प्लान के लिए 150 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत धार्मिक पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। लाखामंडल समेत क्षेत्र के अन्य धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक पर्यटन के विस्तार से स्थानीय लोगों को होमस्टे, स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प, परिवहन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों के जरिए रोजगार के अवसर मिलेंगे। इस अवसर पर विधायक मुन्ना सिंह चौहान, सचिव रणवीर सिंह चौहान, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, स्वामी चिदानंद मुनि समेत जनप्रतिनिधि, साधु-संत और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।







