देहरादून, 7 सितंबर 2026 । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रदेशभर से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के अपमान, बढ़ते महिला अपराध, पेपर लीक, नौकरियों की कथित बिक्री, किसानों के उत्पीड़न और जमीनों की अनैतिक नीलामी समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ हल्ला बोल किया।
गोदियाल ने कहा कि भारी बारिश के बावजूद हजारों कार्यकर्ता परेड ग्राउंड में जुटे और मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच किया। उन्होंने दावा किया कि कार्यकर्ताओं का उत्साह प्रदेश में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बढ़ते आक्रोश को दर्शाता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सचिवालय घेराव के बाद मुख्यमंत्री आवास घेराव के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार को चेताने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और जनता को भाजपा के कथित कुशासन से मुक्ति दिलाने का संकल्प लिया है।









