देहरादून 2 सितंबर 2026। फ्लाइंग कार बनाने वाले युवा नवोन्मेषक और स्टार्टअप उद्यमी रवि टम्टा ने मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। रवि टम्टा ने मुख्यमंत्री को फ्लाइंग कार प्रोजेक्ट की तकनीकी जानकारी, अब तक की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना से अवगत कराया।
मुख्यमंत्री धामी ने रवि टम्टा के नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में तकनीक और नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। सरकार ऐसे युवाओं को उनके नए विचारों और तकनीकी प्रयोगों को धरातल पर उतारने के लिए हरसंभव सहयोग देगी।
मुख्यमंत्री ने मौके पर ही सचिव उद्योग को निर्देश दिए कि रवि टमटा के स्टार्टअप को नियमानुसार आवश्यक शासकीय सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जाए। साथ ही, स्टार्टअप और औद्योगिक नीतियों के तहत उपलब्ध सुविधाओं का लाभ दिलाने की संभावनाओं का परीक्षण करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और एयरोस्पेस जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं। पर्वतीय राज्य में नई तकनीकों के जरिए कनेक्टिविटी और रोजगार के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं। हालांकि, ऐसे प्रोजेक्ट्स में तकनीकी, सुरक्षा और नियामकीय मानकों का पालन जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नया उत्तराखंड युवाओं के नए विचारों, नवाचार और उद्यमिता से भी बनेगा। सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली युवाओं को संसाधनों के अभाव में अपने सपने अधूरे न छोड़ने पड़ें।
