2.5 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भेजे निबंध, 8 विषयों पर साझा किया अपना विजन
श्रेष्ठ 140 विचारों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे विद्यार्थियों से संवाद
देहरादून 22 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर शुरू किए गए ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को विद्यार्थियों का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है। प्रदेशभर से अब तक 2.5 लाख से अधिक कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने अपने निबंध एवं सुझाव पोर्टल पर भेजे हैं।
बीते 10 अगस्त को लगभग तीन लाख विद्यार्थियों के साथ ऑनलाइन संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से पूछा था कि वे आने वाले वर्षों में उत्तराखंड को किस रूप में देखना चाहते हैं। इसके बाद विद्यार्थियों ने पर्यटन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक विकास, वन एवं पर्यावरण और तकनीक समेत आठ विषयों पर अपने विचार साझा किए।
अभियान के तहत 140 श्रेष्ठ विचारों का चयन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को वरिष्ठ अधिकारियों एवं सचिवों के साथ विचार साझा करने का अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री धामी भी इन विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। श्रेष्ठ विद्यार्थियों को करियर एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहयोग तथा अन्य पुरस्कार भी दिए जाएंगे। निबंध जमा करने वाले विद्यार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जा रहा है।
अभियान के संयोजक डॉ. राहुल अग्रवाल ने बताया कि नई पीढ़ी को राज्य की विकास प्रक्रिया और नीति निर्माण से जोड़ने की यह अभिनव पहल है। निबंध जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विद्यार्थियों के विचार आज के उत्तराखंड को नई दिशा देने की क्षमता रखते हैं। युवाओं के अच्छे और व्यावहारिक सुझावों को प्रदेश के विकास में स्थान दिया जाएगा और उन्हें विकसित उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाया जाएगा।
