देहरादून 23 जुलाई 2026।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तराखंड भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए कई नई कल्याणकारी योजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य योजना के तहत दो मोबाइल मेडिकल वैन को भी हरी झंडी दिखाई।









मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री पोषण योजना, शिक्षा सामग्री योजना, स्वच्छता सामग्री वितरण कार्यक्रम और योग एवं वेलनेस आरोग्य योजना का शुभारंभ करते हुए कहा कि सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और कौशल विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि मोबाइल मेडिकल वैन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में श्रमिकों को एक्स-रे, ईसीजी सहित 44 प्रकार की निःशुल्क जांच, टेली-कंसल्टेशन और स्वास्थ्य निगरानी की सुविधा मिलेगी। इसकी शुरुआत पौड़ी गढ़वाल और चंपावत से की गई है, जिसे बाद में पूरे प्रदेश में विस्तार दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों को उत्तराखंड की विकासशक्ति मानते हुए उनके आवास, आजीविका, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने श्रमिकों से बोर्ड में अपना पंजीकरण समय-समय पर नवीनीकृत कराने की भी अपील की।
