अल्मोड़ा, 6 जून 2026।
हवालबाग, अल्मोड़ा में आयोजित राज्य स्तरीय “खेत बचाओ अभियान” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों से कृषि भूमि, मिट्टी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान अब जनभागीदारी से जुड़ा जनांदोलन बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि बजट में 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने मिट्टी परीक्षण, जल संरक्षण, वैज्ञानिक खेती तथा जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया। साथ ही अल्मोड़ा जनपद में तारबाड़ योजना के अंतर्गत लगभग 6 करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराए जाने की घोषणा की।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, महिला समूहों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की तथा कृषि संरक्षण, मिट्टी संवर्धन और जलवायु अनुकूल खेती को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया गया।







