लखनऊ, 5 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को “एक करोड़ घर–दस करोड़ फलदाई वृक्ष” महाअभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान परम पूज्य गोलवलकर गुरुजी की पुण्य तिथि तथा गोरक्षपीठाधीश्वर श्रीमंत योगी आदित्यनाथ जी महाराज के अवतरण दिवस के पावन अवसर पर प्रारंभ किया गया।
अभियान के अंतर्गत आगामी विश्व पर्यावरण दिवस 2029 तक देशभर के एक करोड़ घरों के समक्ष दस करोड़ फलदाई वृक्ष लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आयोजकों के अनुसार यह पहल पर्यावरण संरक्षण, हरित भारत निर्माण और जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
इस महाअभियान का एक अन्य प्रमुख उद्देश्य 3 से 5 वर्ष आयु वर्ग के एक करोड़ नौनिहालों को निःशुल्क शिक्षा-दीक्षा उपलब्ध कराना है। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ शिक्षा एवं संस्कार आधारित समाज निर्माण को भी गति देने का प्रयास किया जाएगा।
यह अभियान विश्व पुरोहित यजमान न्यास परिसंघ, विश्व बंधुत्व सेवा ट्रस्ट, नेचर एंड सिग्नेचर यूनिवर्सल ट्रस्ट, अटल बिहारी सेवाग्राम न्यास परिषद तथा केंद्रीय उद्यमी सहकारिता न्यास परिषद के सान्निध्य एवं संरक्षण में संचालित किया जाएगा। अभियान के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी नेचर एंड सिग्नेचर संस्था द्वारा जनभागीदारी के माध्यम से निभाई जाएगी।
राष्ट्र पुनर्निर्माण मिशन के सूत्रधार धर्ममूर्ति पंडित लक्ष्मण बालयोगी तथा राष्ट्रीय संयोजक श्री सचिन पाटिल ने देशवासियों से इस जनहितकारी एवं पर्यावरण संरक्षण अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आधार भी है।
अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा संवर्धन और सामाजिक सेवा के क्षेत्रों में व्यापक जनजागरण एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
